दुर्ग के प्रसिद्ध होटल कारोबारी विजय अग्रवाल के घर छापा…..प्रवर्तन निदेशालय (ED) की बड़ी कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एक और बड़ी कार्रवाई
होटल कारोबारी विजय अग्रवाल के घर छापा, चिरमिरी में IT रेड का दूसरा दिन
छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराधों के विरुद्ध प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार जारी है। आज सुबह 6 बजे दुर्ग जिले के दीपक नगर में स्थित सागर होटल के मालिक विजय अग्रवाल के आवास पर ईडी की टीम ने दबिश दी।
ईडी की दो गाड़ियों में पहुंची टीम के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल (CRPF) के जवान भी मौजूद थे। टीम ने बंगले के भीतर दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की गहन जांच शुरू की। विजय अग्रवाल दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के एक प्रमुख व्यवसायी हैं।
मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा मामला
सूत्रों के अनुसार, यह छापा मनी लॉन्ड्रिंग और बेनामी संपत्ति से संबंधित आर्थिक अनियमितताओं की जांच के तहत मारा गया है। हालाँकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि कार्रवाई किस विशेष घोटाले से जुड़ी है।
चिरमिरी में IT विभाग की कार्रवाई जारी
दूसरी ओर, चिरमिरी में आयकर विभाग की रेड दूसरे दिन भी जारी रही। यह कार्रवाई SECL कर्मचारियों के फर्जी दस्तावेजों के जरिए आयकर रिफंड दिलवाने के मामले में की जा रही है।
मामले में आरोपी कर सलाहकार मनीष उर्फ महेंद्र गुप्ता की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मनेंद्रगढ़ में हुई कार्रवाई सोमवार को समाप्त हो गई थी, लेकिन चिरमिरी में आज भी IT अधिकारी मौजूद हैं।
कारोबारी और राजनीतिक हलकों में हलचल
विजय अग्रवाल के घर हुई ताजा कार्रवाई के बाद दुर्ग-भिलाई के व्यापारिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। ईडी ने फिलहाल छापे की आधिकारिक वजह साझा नहीं की है, लेकिन जानकारों का मानना है कि यह आय से अधिक संपत्ति, अघोषित लेन-देन या पूर्व के किसी आर्थिक अपराध से जुड़ी जांच का हिस्सा हो सकता है।
प्रवर्तन निदेशालय एवं आयकर विभाग की टीमें आगे की जांच में जुटी हुई हैं

