दुर्ग में ED की रेड, अमर इंफ्रा के घर और ऑफिस पर जांच
डिजिटल डेस्क | दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अमर बिल्डर (अमर इंफ्रा) समूह से जुड़े संचालक चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की है। यह कार्रवाई महेश कॉलोनी स्थित उनके निवास सहित कार्यालय परिसर में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम गुरुवार सुबह लगभग 6 बजे दो वाहनों में पहुंची और मौके पर पहुंचते ही परिसर को घेरकर जांच प्रारंभ की। अधिकारी दस्तावेजों, कंप्यूटर सिस्टम तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, अमर इंफ्रा ग्रुप के अंतर्गत संचालित 6 से अधिक फर्मों के वित्तीय लेन-देन, निवेश और संबंधित रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है। मामले में विभिन्न दस्तावेजों को खंगालते हुए वित्तीय अनियमितताओं के पहलुओं की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि चतुर्भुज राठी स्थानीय स्तर पर राजनीतिक रूप से भी सक्रिय हैं। हालांकि, प्रवर्तन निदेशालय की ओर से इस कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी में इस कार्रवाई का संबंध भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़े कथित घोटाले से जोड़ा जा रहा है। फिलहाल जांच जारी है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

