दुर्ग में तेज रफ्तार ट्रक ने ली युवक की जान, पुलिस ने शुरू की जांच

तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत – आरोपी चालक की तलाश जारी

दुर्ग जिले के मोहननगर थाना क्षेत्र में 3 दिसंबर की रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 30 वर्षीय युवक मनीष सिंह की मौत हो गई। यह हादसा रात लगभग 11:30 बजे संभाग आयुक्त कार्यालय के सामने हुआ, जब मालवीय चौक के पास गर्म कपड़ों की दुकान में कार्यरत मनीष सड़क पार कर अपने कमरे की ओर लौट रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्ग से रायपुर की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क पार कर रहे युवक को देखकर भी नहीं रुका और न ही गति धीमी की। ट्रक के पहिए के नीचे आने से मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।

सूचना मिलते ही मोहननगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम हेतु भेजा गया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है तथा आसपास लगے सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

मनीष सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के धुबिया गांव का निवासी था। वह शादीशुदा था और उसके परिवार में पत्नी सहित दो छोटे बच्चे हैं। बड़ा बच्चा ढाई वर्ष का तथा छोटा बच्चा मात्र तीन माह का है।

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यदि किसी भी व्यक्ति ने इस दुर्घटना से जुड़े ट्रक या चालक को देखा हो, तो तुरंत मोहननगर थाना या नजदीकी पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें। आपकी दी गई जानकारी गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!