दुर्ग ब्रेकिंग: दुर्ग रेलवे स्टेशन में धर्मांतरण व मानव तस्करी का मामला, बजरंग दल ने किया हंगामा..
छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर आज एक बड़ी घटना सामने आई, जहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने तीन लड़कियों को संदिग्ध स्थिति में दो ननों और एक युवक के साथ देखे जाने पर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नारायणपुर जिले की तीन युवतियों को बहला-फुसलाकर आगरा ले जाया जा रहा था, जो धर्मांतरण और मानव तस्करी से जुड़ा मामला है।

घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल की जिला संयोजिका ज्योति शर्मा अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचीं और रेलवे स्टेशन परिसर में नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी थाना भिलाई-3 के अंतर्गत दुर्ग जीआरपी चौकी में दो नन और एक युवक के विरुद्ध छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 4 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, वहीं तीनों लड़कियों को सुरक्षित रखा गया है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।

