दुर्ग में शिव जी की बारात बनी खूनी जंग का मैदान, 17 साल के नानू की बेरहमी से हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग में नाबालिग हत्या प्रकरण: 7 आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त
डिजिटल डेस्क | दुर्ग। मोहन नगर थाना क्षेत्र में शिवजी की बारात के दौरान हुए विवाद के बाद नाबालिग की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार शाम 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को विधि अनुसार गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में प्रस्तुत किया जा रहा है।
घटना दिनांक 16 फरवरी की है। वार्ड क्रमांक 17 शांति नगर निवासी शिव कुमार गोंड (51) द्वारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनका पुत्र क्षय कुमार गोंड उर्फ नानू शिवजी की बारात देखने गया था। बारात के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर उसका कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार हेतु सिकोला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।
पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश एवं क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर विवाद होना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में शक्ति नगर निवासी करण उर्फ बाटा, मनीष देशमुख उर्फ पाडू, अश्वनीद चंद्राकर, आशीष चतुर्वेदी उर्फ मोनू, शुभम देवांगन उर्फ राजा, जितेश वर्मा उर्फ पोगो एवं आदित्य सेन उर्फ ब्राण्डेड शामिल हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शांति नगर एवं शक्ति नगर के युवकों के बीच पिछले एक माह से तनाव की स्थिति थी। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विवेचना जारी है तथा अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

