दुर्ग ब्रेकिंग: देवी आई है…” कहकर हनुमान की तस्वीर लेकर चंडी तालाब में कूद गया युवक, 24 घंटे बाद मिली लाश!

थाना कोतवाली, जिला दुर्ग दिनांक: 24 अक्टूबर 2025

चंडी तालाब में कूदने से युवक की मौत, 24 घंटे बाद मिला शव

कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्ग शहर के चंडी तालाब में एक युवक के कूद जाने से उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान शिवम यादव, उम्र 18 वर्ष, निवासी दुर्ग के रूप में की गई है. वह पेंटिंग का काम करता था.

पुलिस के अनुसार घटना 22 अक्टूबर की शाम की है. स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक हाथ में हनुमान जी की तस्वीर लिए हुए कुछ देर तक तालाब के किनारे बैठा रहा और फिर अचानक पानी में कूद गया. गहरे पानी में चले जाने के बाद वह दिखाई नहीं दिया.

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तथा गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. कई घंटों की तलाश के बावजूद युवक का पता नहीं चल पाया. लगभग 24 घंटे बाद 23 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे चंडी तालाब से उसका शव बरामद किया गया.

परिजनों ने बताया कि शिवम पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था तथा अक्सर भगवान की तस्वीरें लेकर अकेले बैठा रहता था. घटना के दिन भी वह घर से हनुमान जी की तस्वीर लेकर निकला था.

एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेजकर परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!