दुर्ग ब्रेकिंग: पाटन में शराब दुकान के पास युवक से बेरहमी से मारपीट, सिर-सीने में गंभीर चोट… इलाज के दौरान 22 वर्षीय रुपेश की मौत
दुर्ग जिले के पाटन में शराब दुकान के पास युवक से मारपीट के बाद उसकी मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय रुपेश वर्मा निवासी ग्राम फुंडा के रूप में हुई है। रुपेश पाटन स्थित शराब दुकान के अहाते में काम करता था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुधवार को शराब दुकान के पास किसी बात को लेकर रुपेश का एक युवक से विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद युवक रुपेश को शराब दुकान के पास स्थित नर्सरी की ओर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट में रुपेश के सिर, सीने सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल रुपेश को पाटन अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले गए। कुछ समय बाद तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मारपीट के संदिग्ध युवक को पुलिस थाने लेकर आई है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध युवक ग्राम चीचा का निवासी बताया जा रहा है। घटना के समय उसके नशे में होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस घटना के कारण, मारपीट में शामिल अन्य लोगों तथा आसपास मौजूद लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस द्वारा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

