दुर्ग ब्रेकिंग: गायक संजय की गजलें छाईं इंटरनेट पर, मिली सराहना

 

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट और स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) नई दिल्ली में महत्वपूर्ण पदों पर रहे प्रसिद्ध गायक, संगीतकार एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कलाकार संजय सिंह की गाई गजलें सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर धूम मचा रही हैं। इसके साथ ही संजय सिंह पाडकास्ट के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं।
मशहूर शायर सरफ़राज़ मक़दम की लिखी गजल ‘इश्क’ को संजय सिंह ने गाया और संगीतबद्ध भी किया है। ‘इश्क’ शीर्षक से जारी गजलों के इस एल्बम की शूटिंग उत्तराखंड स्थित जिम कॉर्बेट के पास एक रिसोर्ट में की गई है। इंटरनेट पर उनकी इन गजलों को खूब पसंद किया जा रहा है। ज्ञात हो कि संजय सिंह, सेल के कॉर्पोरेट कार्यालय, दिल्ली से सेवानिवृत्त होने से पूर्व लगभग 26 वर्षों तक भिलाई स्टील प्लांट में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे हैं। गजल ‘इश्क’ के बारे में संजय सिंह ने बताया कि इसके लिखने वाले मशहूर शायर सरफ़राज़ मक़दम दक्षिण अफ्रीका के एक बड़े व्यापारी होने के साथ-साथ स्क्रिप्ट राइटर भी है। इसी तरह संजय सिंह की एक और गजल ‘बचपन’ भी तारीफ बटोर रही है। शिब्ली आजाद की लिखी इस गजल में बचपन की यादें और ग्रामीण जीवन को उकेरा गया है।


इसके अलावा संजय सिंह ने एक पॉडकास्ट के सीरीज की शुरुआत की है , जिसमे वे बॉलीवुड की बड़ी हस्तियों पर बात कर रहे हैं। उनका ऐसा पहला पॉडकास्ट महान गायक मुकेश पर हुआ है जिसे लोगों ने खूब पसंद किया है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि हाल ही में संजय सिंह को संयुक्त राष्ट्र संघ के संगठन यूनिसेफ ने विशिष्ट मान्यता प्रमाण पत्र एवं शील्ड से भी सम्मानित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!