दुर्ग में थम नही रहा क्राइम का कहर: पुरानी रंजिश में दो युवकों की हत्या……
दुर्ग: दिनांक 08/08/2025 की रात्रि लगभग 21:30 बजे थाना भिलाई क्षेत्र अंतर्गत नेवई स्थित दशहरा मंच पर विवाद के दौरान निखिल भारती ने डब्बू नामक युवक पर चाकू से हमला किया। बीच-बचाव करने आए गौरव कोसरिया पर भी आरोपी ने चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम मौके पर रवाना हुई। इस दौरान दो अन्य युवक घायल डब्बू को लहूलुहान हालत में थाना लाए, जिसे डायल 112 की सहायता से जिला अस्पताल दुर्ग भेजा गया। मौके पर पहुंचे पुलिस बल को मंच के पीछे गौरव कोसरिया गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उपचार के दौरान डब्बू की भी मृत्यु हो गई।

प्राथमिक जांच में पता चला कि घटना से दो दिन पूर्व डब्बू और आरोपी के पिता वेदभारती के बीच विवाद हुआ था, जिसमें डब्बू ने आरोपी के पिता को थप्पड़ मारा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी निखिल ने घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी निखिल पिता वेदभारती, निवासी दशहरा मैदान, नेवई को गिरफ्तार कर धारा 103 भा.दं.स. (हत्या) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

