भिलाई-3 में बारूद से भरी ट्रक में लगी आग! ट्रांसफार्मर से टक्कर के बाद टला बड़ा विस्फोट
डिजिटल डेस्क |दुर्ग/भिलाई: दिनांक 26 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 02:20 बजे भिलाई-3 क्षेत्र में रायपुर की ओर जा रही बारूद से भरी ट्रक क्रमांक TS 05 UB 2355 अनियंत्रित होकर ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर के पश्चात वाहन सर्विस रोड पर उतर गया तथा ट्रक के केबिन में आग लग गई।
घटना की सूचना स्थानीय नागरिकों द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना प्राप्त होते ही सुरक्षा की दृष्टि से अग्निशमन कार्यालय दुर्ग से दो दमकल वाहनों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि ट्रक के केबिन में आग लगी हुई है तथा ट्रक में विस्फोटक सामग्री (बारूद) भरी हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन दल ने त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई करते हुए आग पर नियंत्रण किया। समय रहते आग बुझा लेने से संभावित बड़े विस्फोट एवं जनहानि की आशंका टल गई।
ट्रांसफार्मर से टक्कर के कारण आसपास के क्षेत्र में भी खतरे की स्थिति निर्मित हो गई थी, जिसे तत्परता से नियंत्रित किया गया। आग पूर्णतः बुझाने के पश्चात ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा पुलिस एवं अग्निशमन दल की सहायता से भिलाई-3 थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया।
घटना के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
उक्त कार्यवाही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई।

