भिलाई में स्कूल में कटर हमला! — क्लासरूम में खून से सनी यूनिफॉर्म, 9वीं के छात्र ने साथी पर किया वार
स्कूल में छात्र पर कटर से हमला — आरोपी नाबालिग छात्र पुलिस की निगरानी में
भिलाई नगर के सेक्टर-7 स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में सोमवार को स्कूल छूटते समय 9वीं कक्षा के एक छात्र द्वारा अपने ही क्लासमेट पर कटर से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। मामूली विवाद के चलते हुए इस हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसके पीठ और कंधे पर गहरे जख्म आए हैं और करीब 28 टांके लगाए गए हैं।
घटना की सूचना परिजनों द्वारा मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्कूल परिसर में स्थिति तनावपूर्ण होने के कारण आरोपी नाबालिग छात्र को सुरक्षा की दृष्टि से स्कूल प्रशासन द्वारा एक कमरे में सुरक्षित रखा गया, जब तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
घायल छात्र को तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के संबंध में घायल छात्र के पिता की रिपोर्ट पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। आरोपी नाबालिग छात्र से पुलिस पूछताछ कर रही है।
प्रभारी प्राचार्य एस.एम. जोसफ ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के समय बच्चों के बीच विवाद की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने पहले प्राथमिक उपचार दिया, परिजनों एवं डायल 112 को सूचित किया।
एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों छात्रों के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। घटना में प्रयुक्त ब्लेड (डिटेक्शन बॉक्स का हिस्सा) पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
भिलाई नगर पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें। पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

