देश में फिर बढ़ा कोरोना का खतरा! एक के बाद एक राज्यों में कोरोना की दस्तक, अब बिहार में भी मिले नए केस
भागलपुर। आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद अब बिहार में भी कोविड-19 के नए मरीज मिले हैं। भागलपुर जिले में 65 वर्षीय एक बुजुर्ग और उनकी 35 वर्षीय बेटी की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
दोनों मरीजों को उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकीय निगरानी में उनका इलाज जारी है।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. एच.पी. दुबे ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी में दूसरे संक्रमित को बुजुर्ग की पत्नी बताया गया था, लेकिन बाद में स्पष्ट किया गया कि संक्रमित महिला उनकी बेटी हैं।
कोरोना के नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक घबराने के बजाय सावधानी बरतने, लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

