रायपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक पलटने से कार दबने पर दंपति समेत तीन की मौत
रायपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक पलटने से कार दबने पर दंपति समेत तीन की मौत
डिजिटल डेस्क | दुर्ग|रायपुर। विधानसभा थाना क्षेत्र में रविवार रात लगभग 8 से 8:30 बजे के बीच हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार दंपति सहित तीन लोगों की मौत हो गई। दो घायलों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना Delhi Public School (डीपीएस) के सामने की है, जहां धान से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक का पट्टा (एक्सल बेल्ट) टूटने से वाहन लहराता हुआ विपरीत दिशा से आ रही कार के ऊपर जा गिरा, जिससे कार पूरी तरह ट्रक के नीचे दब गई।
सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल भेजा गया।
विधानसभा क्षेत्र के सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी के अनुसार, हादसे में तिल्दा निवासी राजकुमार शर्मा, उनकी पत्नी पद्मा शर्मा तथा कार चालक प्रवीण की मृत्यु हुई है। राजकुमार शर्मा हाल ही में एक निजी अस्पताल में बायपास सर्जरी के बाद तिल्दा लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और चालक ने इलाज के दौरान दम तोड़ा।
फ्लाइट टिकट के कारण टली बड़ी अनहोनी
मृतक के छोटे बेटे मनीष शर्मा ने बताया कि उनके पिता की सर्जरी के दौरान बड़ा भाई और भाभी अस्पताल में साथ थे। सोमवार को डिस्चार्ज की सूचना मिलने के बाद उन्होंने पुणे जाने के लिए सोमवार का हवाई टिकट बुक कराया था। इसी कारण वे पिता के साथ तिल्दा नहीं गए, जिससे एक और बड़ी अनहोनी टल गई।
ओवरलोड और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक में लगभग 20 टन (करीब 500 कट्टा) धान लोड था। अधिक रफ्तार और ओवरलोडिंग के चलते पट्टा टूट गया, जिससे चालक वाहन नियंत्रित नहीं कर सका और ट्रक पलट गया।
ट्रक हटाने के लिए क्रेन की सहायता ली गई। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सड़क को यातायात के लिए सामान्य किया जा सका।
आरोपी चालक हिरासत में
पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

