दुर्ग ब्रेकिंग: आरक्षक की हैवानियत! बेटे को छुड़ाने का लालच देकर महिला से दुष्कर्म—थाने के बाहर फूटा गुस्सा
दुर्ग: पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा पदस्थ आरक्षक अरविंद मेढ़े पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाए जाने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत दर्ज होने के बाद थाना परिसर के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला का विस्तृत बयान दर्ज किया। एएसपी पद्मश्री तंवर ने स्वयं पीड़िता से मुलाकात कर आवश्यक तथ्य संकलित किए। मामले की प्राथमिक जांच प्रारंभ कर दी गई है, जिसके बाद विधिक प्रावधानों के अंतर्गत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसका नाबालिग बेटा जेल में बंद है और उसे छुड़ाने के नाम पर आरोपी आरक्षक ने शारीरिक शोषण किया। शिकायत के अनुसार, कल शाम सिरसा गेट के पास महिला को बुलाकर अपनी गाड़ी में ले जाया गया, जहां घटना को अंजाम दिया गया।
पीड़िता आज सुबह बजरंग दल के सदस्यों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी आरक्षक की शादी को मात्र एक माह हुआ है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचने एवं सत्यापन में सहयोग करने की अपील की जाती है।

