दुर्ग में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: पानी-बिजली के मुद्दे पर निगम घेराव….लंबे समय बाद कांग्रेस में दिखी ऐसी एकता, धीरज-संजय के साथ ताम्रध्वज, वोरा समेत दिग्गजों की मौजूदगी ने दिए बड़े सियासी संकेत

पानी, बिजली, सफाई और पेंशन संकट को लेकर कांग्रेस का नगर निगम घेराव

धीरज बाकलीवाल और संजय कोहले के नेतृत्व में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, लंबे समय बाद दिखी संगठन की एकजुटता

दुर्ग। दुर्ग शहर में व्याप्त भीषण जल संकट, बदहाल सफाई व्यवस्था, बिजली समस्या, महीनों से लंबित वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन तथा नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में आज जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल एवं प्रतिपक्ष नेता संजय कोहले के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता ने नगर निगम प्रशासन एवं भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पानी की समस्या को लेकर खाली मटके फोड़े गए। इस दौरान प्रदर्शनकारी एक बैरिकेड तोड़कर दूसरे बैरिकेड तक पहुंच गए, जहां पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी निर्मित हुई। पुलिस प्रशासन द्वारा घेराव को रोकने के लिए दो से तीन लेयर की बैरिकेडिंग की गई थी। लगभग एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन सौंपकर आम जनता की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि शहर की जनता पानी, बिजली और पेंशन जैसी मूलभूत समस्याओं से त्रस्त है, जबकि महापौर केवल अपने सम्मान और राजनीतिक दिखावे में व्यस्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय अधिकारियों को घंटों बंधक बनाकर दबाव की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन पिछले लगभग छह माह से लंबित है, जिससे हितग्राहियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

उन्होंने कहा कि दुर्ग शहर के आधे से अधिक वार्डों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है और जहां पानी आ रहा है वहां दूषित एवं लो प्रेशर पानी मिल रहा है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से नागरिक परेशान हैं।

प्रतिपक्ष नेता संजय कोहले ने कहा कि शहर में कचरा प्रबंधन पूरी तरह फेल हो चुका है। समय पर कचरा नहीं उठने से जगह-जगह गंदगी और दुर्गंध फैली हुई है। विशेष रूप से रविशंकर स्टेडियम एवं धमधा नाका ओवरब्रिज के पास हालात बेहद खराब हैं। उन्होंने वार्डों में बंद स्ट्रीट लाइट और टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया।

पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि पहली बार दुर्ग शहर की जनता को पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जो नगर निगम की विफल कार्यप्रणाली को दर्शाता है।

पूर्व विधायक अरुण वोरा एवं जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश से लेकर शहर तक भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और जनता मूलभूत समस्याओं से परेशान है।

इस प्रदर्शन की सबसे बड़ी खासियत कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की एकजुटता रही। लंबे समय बाद कांग्रेस के सभी बड़े नेता एक मंच पर दिखाई दिए, जिससे राजनीतिक गलियारों में इसे कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।

कार्यक्रम में पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व विधायक अरुण वोरा, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र साहू, दीपक दुबे, जितेंद्र साहू, पूर्व महापौर आर.एन. वर्मा, राजेश यादव, अल्ताफ अहमद, राय सिंह ढिकोला, देवेंद्र देशमुख, प्रेमलता साहू, नासिर खोखर, सुशील भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!