CG Weather Alert:फिर पड़ेगी ठंड…अगले दो-तीन दिन बदले रहेंगे मौसम के मिजाज

छत्तीसगढ़ में मौसम बदलने के संकेत, 28 जनवरी को कई जिलों में बारिश की संभावना

डिजिटल डेस्क | दुर्ग/ रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 जनवरी को उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर तेज हवाएं और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।

आने वाले दो दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी देखी जा सकती है। बीते 24 घंटों में राजनांदगांव 31 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग ने रायपुर, राजनांदगांव, कबीरधाम, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।

अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान

अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में सुबह के समय धुंध देखने को मिल सकती है। राजधानी रायपुर में भी 27 जनवरी की सुबह धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद उत्तरी छत्तीसगढ़ में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

देश के अन्य हिस्सों का हाल

मौसम विभाग के अनुसार, 26 से 28 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी छिटपुट बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुल मिलाकर आने वाले दो से तीन दिन पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम सक्रिय बना रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!