छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने जारी किया राज्य सेवा परीक्षा 2025 का विज्ञापन…238 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन 1 दिसंबर से
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने राज्य सेवा परीक्षा–2025 का विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग के विज्ञापन क्रमांक 06/2025/परीक्षा/दिनांक 26/11/2025 के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा 22 फरवरी 2026 को दो सत्रों में आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा की संभावित तिथियाँ 16 से 19 मई 2026 निर्धारित की गई हैं।
ऑनलाइन आवेदन 01 दिसंबर 2025 दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होकर 30 दिसंबर 2025 रात 11:59 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार होंगे; किसी भी प्रकार के ऑफलाइन/डाक आवेदन मान्य नहीं होंगे।
आवेदकों के लिए ऑनलाइन त्रुटि सुधार 31 दिसंबर 2025 से 02 जनवरी 2026 तक निशुल्क उपलब्ध रहेगा। इसके बाद 03 जनवरी से 05 जनवरी 2026 तक सशुल्क त्रुटि सुधार (₹500 शुल्क) किया जा सकेगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन करने से पूर्व अभ्यर्थी अपनी पात्रता स्वयं सुनिश्चित करें। पात्रता शर्तों का अंतिम सत्यापन केवल मुख्य परीक्षा/साक्षात्कार चरण में किया जाएगा।
रिक्त पदों की कुल संख्या 238 है, जो संबंधित विभागों से प्राप्त संशोधित मांग पत्र के अनुसार परिवर्तनीय है। दिव्यांगजन, महिला, अनुसूचित जाति/जनजाति, ओबीसी एवं भूतपूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण नियमों के अनुसार लागू होगा।
परीक्षा एवं आवेदन संबंधी विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है: www.psc.cg.gov.in


