CG BREAKING: सरकार की अनदेखी से महिला ने उठाया खतरनाक कदम…डिप्टी सीएम के घर के बाहर महिला ने पी फिनाइल
अनुकंपा नियुक्ति को लेकर प्रदर्शन में हाईवोल्टेज ड्रामा
रायपुर, दिनांक: 23 अगस्त 2025 रायपुर में अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही एक महिला ने आज दोपहर डिप्टी सीएम एवं पंचायत मंत्री श्री विजय शर्मा के निवास के बाहर फिनाइल पीने का प्रयास किया।

महिला को तत्काल मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मी अनुकंपा संघ बीते दो दिनों से राजधानी में प्रदर्शन कर रहा है। शुक्रवार को संगठन की महिलाएं अपने बच्चों के साथ मंत्री निवास के बाहर पहुंची थीं।
मंत्री के अनुपस्थित होने पर महिलाएं वहीं धरने पर बैठ गईं। इसी दौरान जिला यूनियन की अध्यक्ष अश्वनी सोनवानी, निवासी जांजगीर-चांपा, ने पुलिस कार्रवाई के बीच फिनाइल पीने का प्रयास किया।

घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें स्पष्ट सुनाई देता है कि महिलाएं कह रही थीं – “जबरदस्ती करोगे तो फिनाइल पी लेंगे।” इसी बीच एक थैले से फिनाइल की बोतल निकालकर महिला ने पीने की कोशिश की, परंतु मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाल लिया।
इस घटना पर कांग्रेस ने सरकार की संवेदनहीनता को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि आंदोलनरत महिलाओं की मांगों को गंभीरता से न लेने की वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

