CG BREAKING: कर्ज में डूबे बेटे ने खुद का अपहरण रचा…पिता से मांगे 10 लाख रुपये फिरौती
युवक ने रची अपहरण की झूठी कहानी – पुलिस ने 24 घंटे में किया पर्दाफाश
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ — बिलासपुर में एक युवक ने अपने अपहरण की झूठी साजिश रचकर परिजनों और पुलिस को गुमराह किया। आरोपी युवक संजय यादव (निवासी – नारायणपुर, देहराखार, जशपुर) के ऊपर कर्ज का बोझ था। कर्जदारों के दबाव में आकर उसने फिरौती के लिए झूठी कहानी बनाई

युवक ने अपने पिता को फोन कर कहा कि कुछ अज्ञात लड़कों ने उसे किडनैप कर लिया है और 10 लाख रुपये फिरौती की मांग की। घबराए पिता ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामला छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा गंभीरता से लिया गया, क्योंकि यह प्रकरण मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र से भी जुड़ा था।

पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए युवक की लोकेशन ट्रेस की और उसे गौरेला-पेंड्रा रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। पूछताछ में संजय यादव ने स्वीकार किया कि उसने पैसों की तंगी के कारण अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी थी।

संजय यादव पिछले 10 सालों से बिलासपुर के कस्तूरबा नगर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। एमएससी तक की पढ़ाई करने के बाद वह प्राइवेट कंपनी में काम कर रहा था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा था।
वर्तमान में पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
— निमितेश सिंह, सीएसपी बिलासपुर
