CG BREAKING: गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान दर्दनाक सड़क हादसा – 3 मृत, 22 घायल
दिनांक : 03 सितम्बर 2025: जशपुर, 03 सितम्बर 2025/ जशपुर जिले के चराईडांड बगीचा स्टेट हाइवे के पास गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान एक अनियंत्रित बोलेरो वाहन भीड़ में घुस गया। इस हृदयविदारक हादसे में एक महिला समेत 3 लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा 22 श्रद्धालु घायल हो गए।

मंगलवार रात्रि लगभग 10 बजे यह हादसा हुआ, जब श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए ले जा रहे थे। अचानक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन भीड़ में घुस गया और कई श्रद्धालुओं को कुचलते हुए निकल गया।

मृतकों की पहचान
- अरविंद करकेट्टा (19 वर्ष)
- विपिन (17 वर्ष)
- खिरोवती (32 वर्ष)
घायल एवं उपचार
हादसे में 22 लोग घायल हुए हैं, जिनमें वाहन चालक भी शामिल है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर अस्पताल रेफर किया गया है। कई घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस की कार्यवाही
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
जशपुर के पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह ने बताया कि घटना बेहद दुखद है। मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी और घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है।

