CG BREAKING: जशपुर NH-43 पर भीषण सड़क हादसा – 5 लोगों की दर्दनाक मौत
जशपुर NH-43 पर भीषण सड़क हादसा – 5 लोगों की दर्दनाक मौत
जशपुर। शनिवार देर रात जशपुर जिले के दुलदुला थाना क्षेत्र अंतर्गत पतराटोली में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया। सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से आई-20 कार (CG 10 AD 7771) की तेज टक्कर हो जाने से कार के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार 5 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दुलदुला थाना प्रभारी के.के. साहू दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। सभी मृतकों के शवों को दुलदुला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।
कार सवार सभी लोग जशपुर से कुनकुरी की ओर जा रहे थे। हादसा कितना भीषण था, इसका अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और भीतर बैठे सभी लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अभी तक मृतकों की आधिकारिक पहचान नहीं हो सकी है, परंतु प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वे दुलदुला थाना क्षेत्र के आसपास के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा शवों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

