CG BREAKING: मीटिंग में मंत्री की फटकार से बेहोश हुआ बीईओ… बिलासपुर शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप
बिलासपुर: बिलासपुर कलेक्ट्रेट में आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शिक्षा व्यवस्था की कमियों पर कड़ा रुख अपनाया। बैठक में शिक्षकों के नियम विरुद्ध अटैचमेंट का मुद्दा सबसे अधिक गंभीर रहा। कोटा ब्लॉक के बीईओ नरेंद्र मिश्रा द्वारा बार-बार बदलती संख्या में अटैचमेंट की जानकारी देने पर मंत्री ने नाराजगी जताई। डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने बीईओ के निलंबन की सलाह दी, जिस पर मंत्री ने भी कार्रवाई के संकेत दिए।
संभावित निलंबन की चर्चा के बीच बीईओ मिश्रा अचानक बेहोश होकर गिर पड़े, जिसके बाद बैठक में अफरातफरी मच गई। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। इसके बाद बैठक पुनः शुरू की गई।
बैठक में 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी, रिजल्ट सुधार, प्री-बोर्ड व्यवस्था, प्रश्नपत्र निर्माण और अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की समीक्षा के साथ शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में प्रमुख सचिव, डीपीआई, संचालक समग्र शिक्षा, कलेक्टर सहित सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

