CG BREAKING: छत्तीसगढ़ बेटे अनिमेष कुजूर ने रचा इतिहास, दौड़ में बनाया नया रिकॉर्ड
जशपुर जिले के छोटे से गांव घुइटांगर के अनिमेष कुजूर ने भारतीय एथलेटिक्स में इतिहास रच दिया है। 5 जुलाई 2025 को ग्रीस के वारी शहर में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में उन्होंने 100 मीटर दौड़ 10.18 सेकंड में पूरी कर भारत का सबसे तेज समय दर्ज किया। इस प्रदर्शन ने उन्हें भारत का सबसे तेज धावक बनाया और भारतीय एथलेटिक्स को वैश्विक मंच पर नई पहचान दी

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हम सभी के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का क्षण है कि छत्तीसगढ़ के अनिमेष कुजूर ने ग्रीस में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में 100 मीटर दौड़ को मात्र 10.18 सेकेंड में पूरा कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है। इससे पहले अनिमेष ने दक्षिण कोरिया में हुए एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 200 मीटर दौड़ को 20.32 सेकेंड में पूरा कर एक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उन्होंने युवा खिलाड़ी अनिमेष को बधाई देते हुए कहा कि आपकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि हर युवा को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। छत्तीसगढ़ को आप पर गर्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिमेष की यह उपलब्धि युवा शक्ति के आत्मविश्वास और सपनों की उड़ान का प्रतीक है। उनका यह प्रदर्शन न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। प्रदेश सरकार युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्पर्धा में अनिमेष को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। पहला और दूसरा स्थान क्रमशः दक्षिण अफ्रीका और ओमान के धावकों ने हासिल किया, लेकिन उनका समय भारतीय रिकॉर्ड से बेहतर रहा। उनके पिता अमृत कुजूर बताते हैं, ‘जब अनिमेष को बताया गया कि उसने 10.18 सेकंड में दौड़ पूरी की, तो उसे विश्वास ही नहीं हुआ कि उसने राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया।’

