छत्तीसगढ़ में ज्वेलरी दुकानों में बुर्का, नकाब और हेलमेट पहनकर एंट्री पर रोक…..सर्राफा एसोसिएशन का बड़ा सुरक्षा फैसला, सभी जिलों में लागू होंगे नियम
छत्तीसगढ़ में ज्वेलरी दुकानों में बुर्का, नकाब और हेलमेट पहनकर एंट्री पर रोक
सर्राफा एसोसिएशन का बड़ा सुरक्षा फैसला, सभी जिलों में लागू होंगे नियम
डिजिटल डेस्क|छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन ने ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा को लेकर एक अहम निर्णय लिया है। अब प्रदेशभर में सोने-चांदी की दुकानों में बुर्का, नकाब, घूंघट, मास्क और हेलमेट पहनकर आने वाले ग्राहकों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह नियम पुरुषों और महिलाओं—दोनों पर समान रूप से लागू होगा।
छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने बिलासपुर में बताया कि हाल ही में गरियाबंद जिले के नवापारा राजिम में एक ज्वेलरी शॉप से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद प्रदेशभर के स्वर्णकारों और सर्राफा व्यापारियों में भय का माहौल है।
सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया फैसला
कमल सोनी ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय किसी भी समुदाय, वर्ग या व्यक्ति के खिलाफ नहीं है, बल्कि पूरी तरह से सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
उन्होंने कहा कि लूट और डकैती की घटनाओं में पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर जांच करती है, लेकिन चेहरा ढका होने के कारण आरोपियों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है, जिससे अपराधी बच निकलते हैं।
सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों से बढ़ा खतरा
एसोसिएशन के अनुसार सोने-चांदी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण आने वाले समय में चोरी, लूट और डकैती की आशंका बढ़ सकती है। इसी खतरे को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
ग्राहकों से अपील की गई है कि वे दुकान में प्रवेश से पहले चेहरा स्पष्ट करें, ताकि सुरक्षित माहौल बनाया जा सके।
आपातकालीन बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय
इस फैसले को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक आपातकालीन बैठक आयोजित की, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने की।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया और सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
बैठक में शामिल प्रमुख पदाधिकारी:
- कमल सोनी (प्रदेश अध्यक्ष)
- प्रकाश गोलचा (बिलासपुर)
- हर्षवर्धन जैन (रायपुर)
- प्रदीप घोरपोड़े (रायपुर)
- संजय कुमार कनुगा (रायपुर)
- उत्तम चंद भंडारी (दुर्ग)
- पवन अग्रवाल (बिलासपुर)
- राजू दुग्गड़ (बस्तर)
- राजेश सोनी (सरगुजा)
पहले भी हो चुकी हैं संदिग्ध वारदातें
एसोसिएशन ने बताया कि अंबिकापुर के सदर रोड स्थित जगदंबा आभूषण भंडार में एक माह पहले चोरी की कोशिश हुई थी। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए बुर्का पहन रखा था और निर्माणाधीन भवन के रास्ते दुकान में घुसने की कोशिश की थी।
सभी सर्राफा व्यापारी करेंगे पालन
सर्राफा एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि प्रदेश की सभी ज्वेलरी दुकानों में इस नियम का अनिवार्य रूप से पालन किया जाएगा।
एसोसिएशन का कहना है कि इस निर्णय से न केवल दुकानदारों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि ग्राहकों के लिए भी बाजार अधिक सुरक्षित बनेगा।

