Bhilai Bulldozer Action: भिलाई में बुलडोजर एक्शन! सुपेला परदेशी चौक से हटाया गया अवैध अतिक्रमण, मचा हड़कंप
भिलाई निगम की बड़ी कार्रवाईः सुपेला परदेशी चौक में अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, सड़क हुई अतिक्रमण मुक्त
भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। निगम की संयुक्त टीम ने सुपेला स्थित परदेशी चौक के पास संचालित व्यापारियों द्वारा दुकानों के सामने किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया।
निगम को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि व्यापारियों द्वारा दुकानों के सामने सड़क तक सामान एवं अन्य सामग्री रखकर सार्वजनिक मार्ग पर कब्जा कर लिया गया है। इससे सड़क संकरी हो गई थी और राहगीरों तथा वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति को देखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई ने सख्त कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान जोन-1 उपायुक्त सह जोन आयुक्त डी के कोसरिया, जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी, बेदखली प्रभारी विनय शर्मा, राजस्व विभाग, बेदखली अमला तथा पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। टीम ने जेसीबी की सहायता से सड़क पर किए गए अवैध कब्जों को हटाकर मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की तैनाती के कारण अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़कों एवं फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा और निर्बाध यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। निगम ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें और शहर को व्यवस्थित एवं सुगम बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।

