रायपुर में खौफनाक मर्डर….प्रेम में पागलपन! बॉयफ्रेंड ने नर्स को चाकू से गोदा — मौके पर मौत
रायपुर में नर्स की बेरहमी से हत्या — आरोपी बॉयफ्रेंड गिरफ्तार
रायपुर। टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स प्रियंका दास (23 वर्ष) की उसके ही बॉयफ्रेंड ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। युवती की लाश उसके किराए के कमरे में खून से सनी हालत में मिली। शव के सीने और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म के निशान पाए गए।

जानकारी के अनुसार मृतिका मनेंद्रगढ़ की रहने वाली थी और रायपुर में 3 सहेलियों के साथ किराए के कमरे में रह रही थी। वह बुधवार को डे शिफ्ट में ड्यूटी करने के बाद कमरे में लौटी थी। गुरुवार सुबह सहेली ने कमरे में पहुंचकर खून से लथपथ लाश देखी और तुरंत पड़ोसियों व पुलिस को सूचना दी। टिकरापारा पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड दुर्गेश वर्मा को गुढ़ियारी से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि नर्स के दूसरे युवक से बात करने के कारण वह नाराज था और इसी रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने एक दिन पहले ही चाकू खरीदा था।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया — “रायपुर में नर्स की बेरहमी से हत्या, भाजपा का कुशासन बेनकाब!”
पुलिस ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है और आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है। फोरेंसिक जांच और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

