CG BREAKING: PM मोदी अक्टूबर में छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे – राज्य की रजत जयंती पर खास कार्यक्रम होने वाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ दो दिवसीय दौरा – राज्य स्थापना की रजत जयंती का भव्य उत्सव होगा
रायपुर– प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर 2025 को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर आएंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस महत्वपूर्ण जानकारी की पुष्टि की है। छत्तीसगढ़ इस समय अपने रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर रहा है, क्योंकि इस वर्ष राज्य अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर रहा है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बताया कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया गया था। इसी कारण सरकार ने इस वर्ष को विशेष रूप से ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में घोषित किया है। राज्य का स्थापना दिवस, यानी 1 नवंबर, इस वर्ष भव्य रूप से रजत जयंती के रूप में मनाया जाएगा।

इसे यादगार बनाने के लिए सरकार ने विशेष तैयारियां की हैं, जिनमें विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक और शैक्षणिक कार्यक्रम शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा,
“यह उत्सव अगले 25 हफ्तों तक विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से पूरे राज्य में मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को इस आयोजन में शामिल होने के लिए आधिकारिक निमंत्रण पत्र भेजा गया है। हमें विश्वास है कि उनके आगमन से यह कार्यक्रम और भी भव्य एवं यादगार बनेगा।”
मुख्यमंत्री श्री साय आज मध्यक्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की बैठक में भाग लेने के लिए कोरबा रवाना हुए। इस अवसर पर स्टेट हैंगर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने आगामी उत्सव को लेकर विशेष उत्साह व्यक्त किया।

