CG BREAKING: इंस्टाग्राम प्यार का खौफनाक अंत, मोबाइल नंबर ब्लॉक किया…बिलासपुर में युवती ने प्रेमी को मार डाला…..
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई है। मोबाइल नंबर ब्लॉक करने से नाराज़ एक युवती ने अपने बॉयफ्रेंड पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय कामता प्रसाद सूर्यवंशी के रूप में हुई है, जो किराए के मकान में रहता था और पास के एक होटल में कार्यरत था। आरोपी युवती 22 वर्षीय रोशनी सूर्यवंशी से उसकी पहचान करीब छह माह पूर्व इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती बाद में प्रेम संबंध में बदल गई थी।
बीते दो–तीन दिनों से दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान कामता ने रोशनी से बातचीत बंद कर दी और उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। इससे आक्रोशित होकर रोशनी को शक हुआ कि कामता किसी अन्य युवती से संपर्क में है।
मंगलवार को रोशनी गुस्से की हालत में कामता के कमरे पर पहुंची और उसका मोबाइल फोन मांगने लगी। फोन देने से इनकार करने पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। बहस के दौरान रोशनी ने कामता के सीने में चाकू मार दिया।
चाकू लगने के बाद कामता का रूममेट शोर सुनकर बाहर आया और उसे खून से लथपथ हालत में देखा। तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आरोपी युवती रोशनी सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में युवती ने दावा किया है कि वह चाकू लेकर केवल डराने आई थी, लेकिन विवाद के दौरान घटना घट गई।
पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक कामता सूर्यवंशी, बीजेपी नेता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी का भतीजा था। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

