सुकमा में बड़ा हादसा: विस्फोटक नष्ट करते समय ब्लास्ट, 4 CRPF जवान घायल
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में खराब और बचे हुए विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया। हादसे में CRPF के चार जवान घायल हो गए। इनमें दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भद्राचलम भेजा गया है।
घटना भेज्जी थाना क्षेत्र के एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास हुई। जानकारी के अनुसार, CRPF कोंटा रेंज के पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलार्मडगु कैंपों में रखे खराब एवं बचे हुए विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) एलार्मडगु कैंप पहुंची थी।
गुरुवार को ATT टीम कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया कर रही थी। इसी दौरान अचानक एक विस्फोटक का हिस्सा उड़कर पास में जा गिरा, जिसके बाद वहां ब्लास्ट हो गया।
चार जवान घायल, दो की हालत गंभीर
ब्लास्ट की चपेट में आने से ATT टीम के ASI एमके तिवारी और 50वीं वाहिनी CRPF के ASI अनीश खान गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं ATT टीम के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी CRPF के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आई हैं।
हादसे के तुरंत बाद चारों घायल जवानों को प्राथमिक उपचार के लिए कोंटा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उन्हें भद्राचलम भेजा गया।
हादसे के कारणों की जांच जारी
एसपी मयंक गुर्जर ने बताया कि हादसे में घायल चारों जवान सुरक्षित हैं और उन्हें बेहतर उपचार के लिए भद्राचलम भेजा गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

