CG BREAKING: बीजापुर में नक्सलियों ने की भाजपा कार्यकर्ता की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने भाजपा के एक कार्यकर्ता की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के इलमिड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुजालकांकेर गांव में नक्सलियों ने सोमवार रात सत्यम पुनेम की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि सत्यम की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सत्यम पुनेम क्षेत्र में भाजपा के मंडल कार्यकर्ता थे, वे लगातार पार्टी के लिए काम कर रहे थे। शव के पास से पर्चा भी बरामद किया गया है। सत्यम की हत्या की जिम्मेदारी कथित तौर पर नक्सलियों की मद्देड़ एरिया कमेटी ने ली है। पर्चे में सत्यम के मुखबिर होने का आरोप लगाया गया है, वहीं उसे बार-बार समझाइश देने का भी उल्लेख किया गया है। इसमें लिखा गया है कि नक्सलियों से जुड़ी जानकारी सत्यम पुलिस को देता था।

इस साल माओवादी हिंसा में 40 लोगों की मौत
इस घटना के साथ बीजापुर सहित सात जिलों वाले बस्तर संभाग के अलग-अलग स्थानों पर इस साल अब तक माओवादी हिंसा में लगभग 40 लोगों की जान जा चुकी है। जनवरी 2023 से दिसंबर 2024 के बीच संभाग में अलग-अलग घटनाओं में 11 भाजपा नेताओं की हत्या कर दी गई।

