MLA vs अफसर” : BJP विधायक पर नायब तहसीलदार को पीटने का आरोप, सरगुजा में बवाल
डिजिटल डेस्क | छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में विधायक और नायब तहसीलदार के बीच विवाद का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। राजापुर उप तहसील कार्यालय में हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने काउंटर FIR दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन से संबंधित शाख शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को आवेदन जमा किया था। आरोप है कि कई दिनों तक कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद काम नहीं हुआ। बुधवार को जब वे फिर उप तहसील कार्यालय पहुंचीं और नायब तहसीलदार तुषार मानिक से फाइल पर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया, तब विवाद की स्थिति बन गई।
सीमा धनकी का आरोप है कि नायब तहसीलदार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा। इसकी जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को दी गई, जिसके बाद उनके समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए।
वहीं, नायब तहसीलदार तुषार मानिक का आरोप है कि शाम करीब 6 बजे विधायक रामकुमार टोप्पो ने उन्हें वापस राजापुर बुलाया। वहां विधायक और उनके समर्थकों ने उनसे मारपीट की तथा उनके कपड़े फाड़ दिए। घटना के दौरान SDM फागेश सिन्हा ने बीच-बचाव कर उन्हें बाहर निकाला।
नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित 10 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, विधायक की बहन की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई है।
इस घटना के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने विधायक और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग की है। विरोध स्वरूप जिले के तहसीलदार सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। वहीं विधायक समर्थकों ने भी कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने घटना को “भाजपाइयों की गुंडागर्दी” बताते हुए सरकार से जवाब मांगा है।

