दुर्ग ब्रेकिंग: भिलाई में डॉ. रमन सिंह के जन्मदिन का भव्य उत्सव, विकास की दिशा में उनके योगदान को सराहा गया
भिलाई, 15 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन आज पूरे प्रदेशभर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राजधानी रायपुर स्थित उनके शंकर नगर बंगले में सुबह से ही शुभकामनाओं का तांता लगा रहा। इसी कड़ी में भिलाई नगर निगम के उपनेता प्रतिपक्ष एवं बोल बम समिति के संस्थापक, बाबा भोलेनाथ के परम भक्त श्री दया सिंह ने भी अपने साथियों के साथ डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन भव्य रूप से मनाया।

सुबह से ही रायपुर में विशेष आयोजन का माहौल रहा। श्री दया सिंह के नेतृत्व में भिलाई से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु रायपुर पहुंचे। उन्होंने डॉ. रमन सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके हाथों से केक कटवाकर जन्मदिन का उत्सव मनाया।

कार्यक्रम के दौरान वातावरण उत्साह, उमंग और भक्ति से सराबोर रहा। सभी उपस्थित जनों ने डॉ. रमन सिंह के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सशक्त नेतृत्व की निरंतरता की कामना की।

श्री दया सिंह ने इस अवसर पर कहा कि डॉ. रमन सिंह छत्तीसगढ़ की राजनीति के ऐसे जननायक हैं जिन्होंने प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर किया। उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

