शराब प्रेमियों के लिए बड़ी खबर….छत्तीसगढ़ में होली पर खुली रहेंगी शराब दुकानें, बदली आबकारी नीति
होली पर शराब दुकानों के संचालन को लेकर राज्य सरकार का निर्णय
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्तमान आबकारी नीति के अंतर्गत महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए इस वर्ष होली के दिन प्रदेश में शराब दुकानों को खुले रखने का प्रावधान किया है। इसके तहत होली के अवसर पर पूर्व की भांति पूर्ण प्रतिबंध लागू नहीं रहेगा।
नई आबकारी नीति के अनुसार पूर्व निर्धारित सात ड्राई डे में से तीन दिवसों को समाप्त किया गया है। जिन अवसरों पर ड्राई डे समाप्त किया गया है, उनमें मुहर्रम, महात्मा गांधी निर्वाण दिवस तथा होली का दिन शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि पूर्व वर्षों में होली के दिन राज्य में शराब दुकानें बंद रखी जाती थीं। साथ ही, होली की पूर्व संध्या पर अवैध भंडारण या परिवहन की आशंका के मद्देनज़र पुलिस द्वारा निगरानी की जाती थी।
राज्य सरकार के इस निर्णय के बाद होली के दिन उपभोक्ता अधिकृत दुकानों से नियमानुसार मदिरा क्रय कर सकेंगे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा निर्धारित नियमों के पालन हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।

