दुर्ग निगम में जनसमस्याओं पर मंथन सभापति श्याम शर्मा ने उठाए पानी, सफाई और वृद्धा पेंशन के मुद्दे, आयुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बारिश पूर्व तैयारियों को लेकर निगम में अहम बैठक,
सभापति श्याम शर्मा के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने आयुक्त सुमित अग्रवाल से की मुलाकात,
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/18 मई/ नगर पालिक निगम दुर्ग में आज सभापति श्याम शर्मा के नेतृत्व में एमआईसी सदस्यों एवं पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त सुमित अग्रवाल से मुलाकात कर शहर की विभिन्न जनसमस्याओं एवं बारिश पूर्व तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में शहर के नालों की सफाई, पेयजल व्यवस्था, पाइपलाइन सुधार कार्य तथा सामाजिक योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
सभापति श्याम शर्मा ने आयुक्त सुमित अग्रवाल से कहा कि आगामी बारिश को देखते हुए शहर के सभी प्रमुख नालियों एवं नालों की समय पर और प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने की आवश्यकता बताई।
आयुक्त ने भी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जलापूर्ति प्रभावित क्षेत्रों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराने पर जोर
बघेरा पानी टंकी पाइपलाइन सुधार कार्य को लेकर हुई चर्चा
बैठक के दौरान बघेरा पानी टंकी के समीप पाइपलाइन लीकेज सुधार कार्य को लेकर भी चर्चा की गई। सभापति श्याम शर्मा ने बताया कि पाइपलाइन सुधार कार्य के चलते 19 एवं 20 मई को शहर के कुछ क्षेत्रों में जलप्रदाय प्रभावित रहेगा। ऐसे में प्रभावित वार्डों एवं मोहल्लों में निगम द्वारा टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
उन्होंने कहा कि नागरिकों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े, इसके लिए निगम प्रशासन को पूर्व तैयारी के साथ कार्य करना चाहिए। आयुक्त ने आश्वस्त किया कि प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाएगा तथा नागरिकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
वृद्धा पेंशन सहित जनहित के अन्य मुद्दों पर भी हुई चर्चा
पार्षदों ने वार्ड स्तर की समस्याओं से कराया अवगत
सभापति श्याम शर्मा ने निगम क्षेत्र में वृद्धा पेंशन के लंबित मामलों को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिलना चाहिए तथा रुके हुए प्रकरणों का शीघ्र निराकरण किया जाए। इसके अलावा वार्ड स्तर की विभिन्न समस्याओं, साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों को लेकर भी
जनप्रतिनिधियों ने आयुक्त को अवगत कराया।
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विषयों पर गंभीरता से कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य नरेंद्र बंजारे, काशीराम कोसरे, मनीष साहू, शिव नायक, कुलेश्वर साहू, देव नारायण ठण्डी,सुरूचि उमरे, जितेंद्र ताम्रकर, युवराज कुंजम, मनोज सोनी, ललिता ठाकुर, मनीष कोठारी, गुलाब वर्मा, कमल देवांगन, रामु सेन, जितेंद्र महोबिया, खालिक रिजवी, संजय अग्रवाल, गोविंद्र देवांगन, शिवेंद्र परिहार, खिलावन मटियारा सहित राकेश सेन,गुड्डू यादव उपस्थित रहे।

