BhilaI Accident: मायके आ रही HR Executive की ट्रेलर की टक्कर से मौत

पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे सड़क दुर्घटना में 29 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत, पिता गंभीर रूप से घायल

राजनांदगांव से अपने मायके भिलाई आ रही 29 वर्षीय साक्षी द्विवेदी की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे तब हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही साक्षी ट्रेलर के पहिए की चपेट में आ गई और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। साक्षी के पिता गंभीर रूप से घायल हैं और उपचाराधीन हैं।

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, साक्षी राजनांदगांव में ससुराल में रहती थीं और एक निजी कंपनी में एचआर एग्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत थीं। वे आज सुबह छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से पावर हाउस स्टेशन पहुँची थीं, जहाँ से उनके पिता उन्हें लेने आए थे। दोनों बाइक से भिलाई-3 स्थित मायके की ओर जा रहे थे कि तभी ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

परिजनों ने बताया कि साक्षी की शादी फरवरी 2024 में हुई थी और वह अपनी बीमार मां से मिलने हेतु अक्सर भिलाई आती थीं। आज भी वे अपनी मां का हाल जानने ही घर लौट रही थीं, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक घटना घट गई।

हादसे के बाद साक्षी के पिता सदमे में हैं और स्वयं को दोषी ठहरा रहे हैं। परिवार और ससुराल पक्ष का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी को इस अचानक हुए हादसे पर विश्वास नहीं हो रहा है।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। खुर्सीपार थाना पुलिस ने वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है और आरोपी चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। साक्षी के शव को सुपेला मर्क्युरी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए रखा गया है।

परिवार ने मांग की है कि आरोपी चालक पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्याय दिलाया जाए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!