भिलाई में भाई ने भाई की बेरहमी से हत्या! हसिये से वार कर खत्म की जिंदगी, पत्नी भी बनी साथी
भिलाई, छत्तीसगढ़ | पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र भिलाई के पुरैना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक चौंकाने वाली घटना में छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों भाइयों के बीच सुबह से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जो शाम होते-होते इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने हसिया (धारदार हथियार) से हमला कर अपने बड़े भाई की जान ले ली।
मृतक की पहचान राजू निर्मलकर (45 वर्ष) निवासी पुरैना, भिलाई-3 के रूप में हुई है, जो रोजी-मजदूरी करता था। हमलावर उसका छोटा भाई मुकेश निर्मलकर (43 वर्ष) है। बताया जा रहा है कि सुबह दोनों के बीच चाकू लेकर झगड़ा भी हुआ था, जिसे मोहल्ले वालों ने बीच में आकर रोक दिया था, लेकिन तनाव बना रहा।
शाम करीब 6 बजे झगड़ा फिर बढ़ा और गुस्से में मुकेश ने घर में रखा हसिया उठाकर बड़े भाई पर वार कर दिया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हमले के दौरान आरोपी की पत्नी ने उसे हसिया थमाया था।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुरानी भिलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मुकेश निर्मलकर व उसकी पत्नी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस घटना के कारणों और पृष्ठभूमि की विस्तृत जांच कर रही है।

