भिलाई में पत्नी ने पति को उतारा मौत के घाट…..गुस्से में पत्नी ने सिलबट्टे से कर दी पति की हत्या
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/भिलाई: छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत कैंप-2 के दुर्गा पारा, वार्ड 35 में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी। घटना बीती रात की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय डोमन साहू और उनकी पत्नी हीरामणी साहू (लगभग 35 वर्ष) के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। दोनों के दो बच्चे हैं—एक बेटा और एक बेटी। पड़ोसियों के अनुसार, घर में आए दिन होने वाले झगड़ों से आसपास के लोग भी परेशान थे और इसका असर बच्चों पर भी पड़ रहा था।
बताया जा रहा है कि 19 अप्रैल को पत्नी ने अपने पति के खिलाफ जामुल थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आरोपी घर लौटा और इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पत्नी ने सिलबट्टे से पति के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भिजवाया। पड़ोसियों का यह भी कहना है कि मृतक अक्सर शराब के नशे में घर में विवाद करता था और परिवार के साथ मारपीट भी करता था।
पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

