CG BREAKING: भारत माला मुआवजा घोटाला: फरार 2 पूर्व तहसीलदार गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी
भारत माला मुआवजा घोटाला: फरार 2 पूर्व तहसीलदार गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी
डिजिटल डेस्क | दुर्ग/रायपुर: रायपुर जिले के अभनपुर में भारतमाला परियोजना के तहत हुए मुआवजा घोटाले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में शशिकांत कुर्रे (तत्कालीन तहसीलदार, अभनपुर) और लखेश्वर प्रसाद किरण (तत्कालीन नायब तहसीलदार, गोबरा नवापारा) शामिल हैं।
दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।
जांच में सामने आया है कि रायपुर-विशाखापट्नम और दुर्ग बायपास भारतमाला सड़क परियोजना के दौरान आरोपियों ने अपने पद का गलत इस्तेमाल किया। आरोप है कि उन्होंने पटवारी, राजस्व निरीक्षक और अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी राजस्व दस्तावेज तैयार कराए। इन दस्तावेजों के आधार पर जमीन मालिकों को तय मुआवजे से कई गुना ज्यादा रकम दिलाई गई। इससे शासन को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ।
जानकारी के अनुसार, दोनों अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट में जमानत के लिए याचिका लगाई थी, जिसे खारिज कर दिया गया था। इससे पहले स्पेशल कोर्ट ने उनके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट और उद्घोषणा जारी की थी। उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी विशेष न्यायालय रायपुर में विचाराधीन है।
मामले की जांच जारी है।

