CG BREAKING: होटल में ट्रेनी महिला डॉक्टर से दुष्कर्म की कोशिश – आरोपी सफाई कर्मचारी गिरफ्तार….

कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित टॉप इन टाउन होटल में 24 वर्षीय ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। यह घटना देर रात लगभग 2 बजे की बताई जा रही है। आरोपी की पहचान होटल में कार्यरत सफाई कर्मचारी राजा खड़िया (उम्र 35 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता सक्ती जिले से 15 दिन की ट्रेनिंग के लिए कोरबा मेडिकल कॉलेज आई थी और 10 जुलाई से उक्त होटल में रुकी हुई थी। वह रूम नंबर 122 में ठहरी थी। बीती रात आरोपी होटल की खिड़की से छलांग लगाकर सीधे कमरे में घुस गया और पीड़िता के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।

महिला डॉक्टर के विरोध करने पर आरोपी ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आरोपी मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने होटल पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे हिरासत में ले लिया। इस मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस द्वारा दुष्कर्म की कोशिश, धमकी और घुसपैठ जैसी धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही जिला स्वास्थ्य अधिकारी और संबंधित विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला डॉक्टर का बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

कोरबा पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और होटल की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!