दुर्ग बना अपराध का गढ़……फिर मर्डर……अमरूद तोड़ने को लेकर हुआ विवाद, साले ने सिलबट्टे से जीजा की हत्या की

दुर्ग जिले में पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के बोरसी इलाके स्थित पंचशील सेक्टर, सड़क 18 में आज सुबह एक चौंकाने वाली घटना हुई। अमरूद तोड़ने के विवाद में साले ने अपने जीजा की सिलबट्टे से हत्या कर दी।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, मृतक राजकुमार वर्मा सुबह लगभग 10 बजे अपने साले गोविंदराज के घर अमरूद तोड़ने पहुंचे थे। राजकुमार की पत्नी ने उन्हें बाहर रहने को कहा, मगर वे घर के अंदर चले गए। इस बात को लेकर गोविंदराज नाराज हो गया और दोनों में कहासुनी होने लगी, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान राजकुमार के पास मौजूद डंडे को गोविंदराज ने छीनकर फेंक दिया, इसके बाद उसने घर के अंदर रखा सिलबट्टा उठाकर राजकुमार के सिर पर जोरदार वार किया। गंभीर चोट लगने से राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गोविंदराज ने भागने की बजाय सीधे थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मृतक के परिजनों ने बताया कि दोनों के बीच जमीन बेचने के बाद पैसों के बंटवारे को लेकर पुराना विवाद भी चल रहा था, जिसके कारण आज मामूली विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!