CG BREAKING: पटवारी से RI प्रमोशन परीक्षा में धांधली का खुलासा, दो सहायक सांख्यिकी अधिकारी गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारी से आरआई (RI) प्रमोशन परीक्षा में गड़बड़ी के मामले में एसीबी-ईओडब्ल्यू (ACB-EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर के दो सहायक सांख्यिकी अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने भारी रकम लेकर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक किया और चयनित उम्मीदवारों को तैयारी भी कराई।
गिरफ्तार अधिकारियों में
- वीरेंद्र जाटव, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, आयुक्त भू-अभिलेख कार्यालय रायपुर
- हेमंत कौशिक, सहायक सांख्यिकी अधिकारी, उप आयुक्त भू-अभिलेख कार्यालय रायपुर
शामिल हैं।
19 नवंबर की तड़के ACB-EOW की संयुक्त टीम ने रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित 7 जिलों में एक साथ 19 ठिकानों पर छापेमारी की थी। अनियमित चयन, अवैध संपत्ति अर्जन एवं पेपर लीक की शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। टीम को तलाशी के दौरान कई डिजिटल सबूत, संदिग्ध लेन-देन से जुड़े एग्रीमेंट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं।
जांच एजेंसी ने बताया कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत प्राप्त हुए हैं। आरोप है कि दोनों ने निजी लाभ और अपने वरिष्ठ अधिकारियों को फायदा पहुंचाने के लिए धांधली की। वर्ष 2024 में आयोजित पटवारी से RI प्रमोशन परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की शिकायतें सरकार को मिली थीं, जिसके बाद से इस मामले में जांच जारी थी।
जांच टीम प्रश्नपत्र छपाई, वितरण और परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों, तथा प्रमोशन दिलाने के लिए लाइजनिंग करने वाले राजस्व अधिकारियों के ठिकानों की भी जांच कर रही है। बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

