दुर्ग में प्लाईवुड फैक्ट्री में भीषण आग, 6 घंटे की मशक्कत और करीब 1.28 लाख लीटर पानी इस्तेमाल के बाद आग बुझा…..

दुर्ग के बड़े पुर्दा में प्लाईवुड फैक्ट्री में भीषण आग, 6 घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू

 

3 दमकल टीमों ने संभाला मोर्चा, आग बुझाने में इस्तेमाल हुआ करीब 1.28 लाख लीटर पानी

 

दुर्ग। जिले के बड़े पुर्दा स्थित फाइनेस्ट एग्रो इंटरप्राइजेस की प्लाईवुड निर्माण फैक्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में रखे कच्चे माल (रॉ मटेरियल) में अचानक आग लगने से देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन कार्यालय से दमकल की तीन टीमों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।

 

जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर की रात करीब 1 बजे थाना बोरी क्षेत्र के बड़े पुर्दा स्थित फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि आग फैक्ट्री में रखे कच्चे माल को पूरी तरह अपनी चपेट में ले चुकी थी। इसके बाद दमकलकर्मियों ने आधुनिक उपकरणों और सूझबूझ के साथ संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

 

करीब 5 से 6 घंटे तक चले इस अभियान में लगभग 28 दमकल वाहनों के जरिए करीब 1 लाख 28 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

 

फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि दमकलकर्मियों की तत्परता और समय पर की गई कार्रवाई से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ी घटना को नियंत्रित कर लिया गया।

 

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी श्री दिनेश कुमार राउटे के नेतृत्व में दल प्रभारी विजय चतुर्वेदी, महेन्द्र चंदेल और धनु यादव सहित अग्निशमन कर्मचारी मनोज, नागेश, पराग, रूपेन्द्र, नरोत्तम टंडन, हीरामन, धर्मेन्द्र, उमाशंकर, हरीश, शारदा प्रसाद और मनीष ने आग बुझाने के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!