दुर्ग के पोटियाकला में पीलिया का प्रकोप, 6 दिनों में मिले 9 मरीज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट…

दुर्ग। शहर के पोटियाकला इलाके में पीलिया के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। 7 से 12 नवंबर के बीच क्षेत्र में पीलिया के कुल 9 मरीज मिले हैं। संक्रमण के कारणों का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की टीम ने जांच शुरू कर दी है।

 

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संक्रमित मरीजों में से एक का शासकीय अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि 8 मरीज घर पर ही चिकित्सकीय उपचार ले रहे हैं। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है और अब तक पीलिया से किसी की मृत्यु नहीं हुई है।

 

 

संक्रमण की स्थिति का जायजा लेने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 12 नवंबर तक प्रभावित क्षेत्र के कुल 286 घरों का सर्वे किया है। इस दौरान कोई नया मरीज सामने नहीं आया। स्वास्थ्यकर्मी और मितानिनें घर-घर पहुंचकर लोगों से बीमारी के लक्षणों की जानकारी ले रही हैं।

 

वहीं, पेयजल की गुणवत्ता की जांच के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बस्ती के 4 अलग-अलग स्थानों से पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। फिलहाल पीलिया फैलने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण के कारणों का पता चल सकेगा।

 

सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के निर्देश पर जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। विभाग ने लोगों से अपील की है कि पानी उबालकर पिएं, बासी और सड़े-गले खाद्य पदार्थों से बचें तथा बाहर के खाने से परहेज करें।

 

उल्टी, भूख न लगना, थकान, पेट में लगातार दर्द और बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें और पीलिया की जांच कराएं।

 

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी और स्वच्छता का पालन करना बेहद जरूरी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!