मौसम का बड़ा अलर्ट!…….चक्रवात ‘अर्नब’ का छत्तीसगढ़ में दिखेगा असर, 4 जिलों में रेड अलर्ट जारी

रायपुर, 27 अक्टूबर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। 28 अक्टूबर के लिए बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रायपुर, दुर्ग समेत 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

 

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार से बस्तर संभाग में चक्रवात का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका भी जताई गई है।

 

28 अक्टूबर को बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, नारायणपुर और कोंडागांव में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात का असर आगे बढ़ने पर बिलासपुर, मुंगेली और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में भी बारिश का प्रभाव बढ़ सकता है। सरगुजा, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

 

चक्रवात के संभावित खतरे को देखते हुए दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में 28 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन मौसम की स्थिति को देखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील कर रहा है।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय ने किसानों के लिए मौसम आधारित सलाह जारी की है। किसानों को अगले 2 से 4 दिनों तक धान और अन्य फसलों की कटाई रोकने की सलाह दी गई है। जिन किसानों ने फसल काट ली है, उन्हें उपज सुरक्षित स्थान पर रखने और खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि बारिश से फसलों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

 

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, बिजली चमकने के समय खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!