वार्ड 11 वालों के लिए खुशखबरी! शंकर नगर की सड़कें होंगी चकाचक, महापौर ने किया भूमिपूजन

-दुर्ग शहर में सड़क विकास को मिलेगी नई रफ्तार, महापौर अलका बाघमार ने 86.84 लाख के बी.टी. रोड रिनिवल कार्यों का किया भूमिपूजन,

-वार्ड क्रमांक 10, 11 एवं 13 में सड़कों का होगा नवीनीकरण, नागरिकों को मिलेगी बेहतर आवागमन सुविधा,

डिजिटल डेस्क | दुर्ग/25 अक्टूबर/नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र में नागरिकों को बेहतर सड़क एवं आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों में बी.टी.रोड रिनिवल डामरीकरण एवं सड़क नवीनीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने सभापति श्याम शर्मा,लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, वार्ड पार्षद एवं नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले,शेखर चन्द्राकर,आशीष चन्द्राकर,मनीष कोठारी,रंजीता पाटिल,युवराज कुंजम,अजित वैध,उप अभियंता करण यादव सहित बड़ी संख्या में नागरिक की मौजूदगी में वार्ड क्रमांक 10, 11 एवं 13 में 15वें वित्त आयोग मद से स्वीकृत सड़क नवीनीकरण कार्यों का भूमिपूजन कर विकास कार्यों की शुरुआत की।

प्रथम चरण में वार्ड क्रमांक 10 में दुर्गा चौक से बुद्ध विहार तक तथा वार्ड क्रमांक 11 में शंकर नगर बुद्ध विहार चौक से कुर्मी भवन एवं अन्य स्थानों तक बी.टी. रोड रिनिवल कार्य कराया जाएगा। इन कार्यों की कुल स्वीकृत लागत राशि 42.20 लाख है। सड़क नवीनीकरण से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ ही नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सकेगी।

इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 13 में भी 15वें वित्त आयोग मद से स्वीकृत विभिन्न बी.टी. रोड रिनिवल कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इसके अंतर्गत मोहन नगर में कश्यप के घर से ईश्वर वर्मा के घर तक, आकाश दानी गली से लाल बिल्डिंग हैंडपंप होते हुए शीतला मंदिर तक तथा गुप्ता नर्सिंग होम से चंद्राकर के घर तक सड़क नवीनीकरण कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों की कुल लागत राशि 44.64 लाख है।इस प्रकार वार्ड क्रमांक 10, 11 एवं 13 में कुल 86.84 लाख की लागत से सड़क नवीनीकरण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने से संबंधित क्षेत्रों में सड़क की स्थिति बेहतर होगी तथा आम नागरिकों, वाहन चालकों और स्थानीय रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!