श्री साई मंदिर के स्वर्ण जयंती वर्ष का आगाज, व्यवसायी किए गए सम्मानित

दुर्ग। सिविल लाइन कसारीडीह स्थित सार्वजनिक श्री साई महोत्सव समिति, श्री साई मंदिर के ऐतिहासिक स्वर्ण जयंती वर्ष (50वें वर्ष) का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर श्री साई बाबा के नाम पर अपनी दुकान और व्यवसाय का संचालन कर उनकी श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा भावना को आगे बढ़ाने वाले व्यवसायियों का सम्मान किया गया। सम्मान समारोह में जहां व्यवसायियों को शाल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया, वहीं भजन संध्या में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे। भजन गायक धनंजय तिवारी एवं उनके साथी कलाकारों ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते, नाचते और गाते नजर आए। पूरे वातावरण में साई भक्ति की गूंज रही। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वर्ण जयंती वर्ष के आगाज की खुशियां मनाईं। समारोह में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक राठी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा एवं समाजसेवी राधेश्याम अग्रवाल विशेष अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सार्वजनिक श्री साई महोत्सव समिति के अध्यक्ष धनेंद्र कांत चंदेल ने की। अतिथियों ने श्री साई बाबा के सेवा, परोपकार और सद्भावना के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने में व्यवसायियों के योगदान की सराहना की। समारोह में विद्युत नगर के शंभूनाथ द्विवेदी, पचरीपारा के राकेश सेन, गिरीश ठाकुर, पुलगांव चौक के कौशल उजाला, कसारीडीह के नंदकुमार ताम्रकार, पद्मनाभपुर के हीरालाल देवांगन, आदर्श नगर के योगेश निर्मलकर, पोटिया चौक के टिकेंद्र देवांगन, शिवनाथ नदी रोड स्थित अमर हाइट्स के नरेंद्र राठी, गंजपारा के हेमंत राठी, इंदिरा मार्केट के नवीन दसवानी सहित करीब 25 व्यवसायियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उभरते भजन गायक धनंजय तिवारी एवं उनके साथी कलाकारों का भी सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समिति के अध्यक्ष धनेंद्र कांत चंदेल ने कहा कि श्री साई मंदिर समिति के स्वर्ण जयंती वर्ष का शुभारंभ होना सभी श्रद्धालुओं के लिए हर्ष और गौरव का विषय है। इस विशेष वर्ष में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस श्रृंखला में प्रथम आयोजन के रूप में श्री साई बाबा के नाम पर व्यवसाय संचालित करने वाले और उनके संदेशों के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले व्यवसायियों का सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई है। श्री चंदेल ने बताया कि स्वर्ण जयंती वर्ष का मुख्य आयोजन श्री साई महोत्सव 22, 23 एवं 24 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्री साई बाबा की भव्य शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और भंडारा प्रमुख आकर्षण होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं और समाज के सहयोग से स्वर्ण जयंती महोत्सव यादगार बनेगा। इस अवसर पर अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने भी आगामी आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का संचालन श्री साई मंदिर समिति के कार्यकारिणी सदस्य सत्येंद्र सिंह राजपूत तथा सचिव धीरेंद्र शर्मा ने आभार व्यक्त किया। स्वर्ण जयंती वर्ष के शुभारंभ अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष मुरलीधर राऊत, संतोष यदु, कोषाध्यक्ष रामेंद्र वंजारी, सह सचिव संतोष खिरोड़कर, प्रचार सचिव नारायण दत्त तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य रविंद्र भटनागर, रमेश दीक्षित, गणेश निर्मलकर, रवि भट्ट, राकेश सेन, विशेष आमंत्रित सदस्य विपिन बोहरा, डॉ. एमके साहू, दशरथ साहू, अतुल मढरिया, प्रकाश शिवणकर, राजू साहू, अरविंद लोखंडे, प्रशांत राऊत सहित समिति के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!