CG BREAKING: गुपचुप-चाट खाने के बाद बच्चों समेत 7 की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

बिलासपुर। दुर्गोत्सव के दौरान दुर्गा प्रतिमाएं देखने बिलासपुर आए परसदा निवासी एक परिवार के सात सदस्य गुपचुप और चाट खाने के बाद बीमार पड़ गए। सोमवार सुबह सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सभी का उपचार जारी है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, फिलहाल सभी मरीजों की हालत सामान्य है।

 

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात महेश साहू अपने परिवार के साथ बिलासपुर में दुर्गा प्रतिमाएं देखने आए थे। रात करीब 12 बजे परिवार ने सीएमडी कॉलेज के पास एक ठेले पर गुपचुप और चाट खाई। इसके बाद सभी अपने गांव परसदा लौट गए।

 

सोमवार सुबह परिवार के सदस्यों को एक-एक कर उल्टी-दस्त होने लगे। कुछ ही समय में सात लोगों की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन सभी को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे।

 

बीमारों में 6 साल का बच्चा भी शामिल

 

अस्पताल में भर्ती मरीजों में संतोषी साहू (27), महेश साहू (32), सोमेश साहू (15), सुमन साहू (18), सुजीता साहू (14), प्रभा साहू (26) और शिवांश साहू (6) शामिल हैं। छह वर्षीय शिवांश को बाल रोग विभाग में भर्ती किया गया। सोमवार दोपहर उसकी तबीयत बिगड़ी थी, लेकिन शाम तक उसकी स्थिति सामान्य हो गई।

 

सभी मरीजों की हालत सामान्य

 

सिम्स के अस्पताल अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि परसदा से उल्टी की शिकायत के बाद सात मरीज अस्पताल पहुंचे थे। सभी को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल उनकी स्थिति ठीक है। डॉक्टरों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!