दुर्ग पुलिस को बड़ा सम्मान! साइबर जागृति अभियान को छत्तीसगढ़ में मिला दूसरा स्थान

दुर्ग पुलिस के साइबर जागृति अभियान को छत्तीसगढ़ राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। दिनांक 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक संचालित इस अभियान के अंतर्गत जिले में 64,840 कार्यक्रम आयोजित कर 32,46,001 लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता गतिविधियों से लाभान्वित किया गया।

 

दुर्ग पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम एवं आम नागरिकों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से दिनांक 15 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक साइबर जागृति अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत विभिन्न माध्यमों से जनसामान्य तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।

 

अभियान को व्यापक जनसमुदाय तक पहुंचाने के लिए स्कूलों, महाविद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों के माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त नुक्कड़ नाटकों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों में भी साइबर जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।

 

अभियान के दौरान जिले में कुल 64,840 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 32,46,001 लोगों को लाभान्वित किया गया। इन गतिविधियों में नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, डिजिटल भुगतान संबंधी धोखाधड़ी तथा गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा करने से होने वाले जोखिमों के बारे में जानकारी दी गई।

 

दुर्ग पुलिस के इस साइबर जागृति अभियान को छत्तीसगढ़ राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को रायपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं माननीय उपमुख्यमंत्री तथा गृह मंत्री श्री विजय शर्मा की उपस्थिति में पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह में पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम गौतम एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री अमित कुमार भी उपस्थित रहे। दुर्ग पुलिस की ओर से अभियान के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चन्द्रा ने पुरस्कार ग्रहण किया।

 

यह उपलब्धि साइबर अपराधों की रोकथाम, जनजागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस और आम नागरिकों के बीच सहयोग को मजबूत बनाने की दिशा में दुर्ग पुलिस द्वारा किए गए प्रयासों को दर्शाती है।

 

सराहनीय कार्य

 

साइबर जागृति अभियान के संचालन में दुर्ग पुलिस के संबंधित थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका रही। शैक्षणिक संस्थानों, ग्रामीण क्षेत्रों, चौपालों, नुक्कड़ नाटकों तथा सार्वजनिक आयोजनों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश जनसामान्य तक पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास किए गए। अभियान के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणिशंकर चन्द्रा के समन्वय में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।

 

दुर्ग पुलिस की अपील

 

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्क रहें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने तथा अनजान व्यक्तियों के कहने पर ऑनलाइन भुगतान करने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें तथा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!