विवादित वीडियो के मामले में आकांक्षा टोप्पो गिरफ्तार, पुलिस ने की कार्रवाई

अंबिकापुर। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं अश्लील सामग्री प्रसारित करने और बलात्कार पीड़िता की पहचान उजागर करने के मामले में अंबिकापुर की कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार दोपहर कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। मेडिकल जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

 

इस मामले में आकांक्षा टोप्पो के साथ होली क्रॉस कॉलेज के लेक्चरर अकील अहमद अंसारी सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

 

4 अक्टूबर को दर्ज हुआ था मामला

पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर बलात्कार पीड़िता की पहचान उजागर करने, उसकी निजता भंग करने तथा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने 4 अक्टूबर की रात मामला दर्ज किया था। मामले में बीएनएस की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

 

पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करने का आरोप

गंगापुर निवासी शैलेन्द्र शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आकांक्षा टोप्पो, अकील अहमद अंसारी और अन्य सोशल मीडिया चैनल संचालकों ने बलात्कार पीड़िता की परिस्थितियों का अनुचित लाभ उठाते हुए उसकी पहचान और निजी जानकारी सोशल मीडिया पर सार्वजनिक की।

 

इंटरव्यू में आपत्तिजनक सवाल पूछने का आरोप

शिकायत के अनुसार, पीड़िता का इंटरव्यू लेते समय उससे निजी अंगों से संबंधित आपत्तिजनक और अमर्यादित सवाल पूछे गए। आरोप है कि इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया, जिससे पीड़िता की निजता और सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।

 

गाली-गलौज और भड़काऊ सामग्री के भी आरोप

शिकायतकर्ता ने आकांक्षा टोप्पो पर सोशल मीडिया के माध्यम से गाली-गलौज और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के भी आरोप लगाए हैं। शिकायत में इसे पीड़िता की निजता और सम्मान को नुकसान पहुंचाने वाला कृत्य बताया गया है।

 

पहले भी दर्ज हो चुका है मामला

पुलिस के अनुसार, आकांक्षा टोप्पो के खिलाफ इससे पहले सीतापुर थाने में भी मामला दर्ज हो चुका है। इसी घटनाक्रम से जुड़े एक अन्य मामले में भाजपा नेता रविंद्र तिवारी के खिलाफ भी बलात्कार पीड़िता के चरित्र पर कथित रूप से लांछन लगाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

 

वहीं, आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर 4 अक्टूबर को ही भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!