“8 महीने के बच्चे के डायपर में 500 ग्राम सोना! 4 शादियों वाले शख्स पर तस्करी का शक……खुली तस्करी की हैरान करने वाली कहानी
केरल के 34 वर्षीय व्यक्ति पर आरोप है कि उसने सोने की तस्करी के लिए कई शादियों और बच्चों का इस्तेमाल किया। रिपोर्ट के मुताबिक, मिडिल-ईस्ट से केरल आने वाली महिलाओं और बच्चों के शरीर व कपड़ों में सोना छिपाकर लाया जाता था। मामले का खुलासा 1 सितंबर की रात कोझिकोड स्थित कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर हुआ, जब राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने आठ महीने के बच्चे के डायपर से करीब 500 ग्राम सोना बरामद किया। बच्चे का पिता फारूक मलप्पुरम के पोनानी स्थित कोक्कुर का रहने वाला है। वह UAE के रास अल खैमाह से तीन बच्चों के साथ भारत पहुंचा था।
अधिकारियों के अनुसार, तलाशी के दौरान परिवार के पास से करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद हुआ। इसमें सोना बच्चे के डायपर के अलावा फारूक के शरीर के निजी हिस्सों में भी छिपाए जाने का आरोप है। जांच के दौरान डीजारआई को फारूक की एक पत्नी के बारे में भी जानकारी मिली। 29 अगस्त को कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 28 वर्षीय महिला को रोका गया था। उसके पास से करीब 1.78 किलोग्राम सोना बरामद हुजा, जिसकी कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई गई।
सैनिटरी नैपकिन के अंदर छिपाया सोना
आरोप है कि सोना सैनिटरी नैपकिन के अंदर छिपाया गया था। पूछताछ में महिला ने DRI को बताया कि यात्रा से पहले उसके पति ने उसके शरीर पर सोना छिपाया था। इस बरामदगी के बाद अधिकारियों ने फारूक की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। बाद में जब वह यूएई से लौटकर कालीकट एयरपोर्ट पहुंचा तो उसे भी रोक लिया गया। जांच में अब उसकी कई शादियों को लेकर भी पड़ताल की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, फारूक ने 4 शादियां की हैं। हालांकि, उसकी पत्नियों और बच्चों की सही संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इन शादियों का इस्तेमाल जानबूझकर सोने की तरकरी के लिए किया गया था। महिलाओं को विदेश से भारत लाने और उनके जरिए सोना पहुंचाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच का एक अहम पहलू बच्चों के इस्तेमाल से जुड़ा है। अधिकारियों को शक है कि तस्करी के नेटवर्क में परिवार से जुड़े महिलाओं और बच्चों को इस तरह इस्तेमाल किया गया, जिससे सुरक्षा जांच के दौरान संदेह कम हो। 8 महीने के बच्चे के डायपर से 500 ग्राम सोना मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।

